Featuredदरभंगाप्रादेशिक

जमीन कारोबारी सहित दो अन्य लोगों पर अपराधियों ने चलाया गोली, एक की हुई मौत।

बिहार में जमीन कारोबारियों की हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। बीती शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में आशुतोष शाही सहित तीन लोगों की हत्या कर दी गई। इस घटना के महज तीन दिन बाद भागलपुर में जमीन कारोबारी सहित दो लोगों को सरेआम गोलियों से भून दिया गया।

नवगछिया स्थित गोपालपुर थाने के हरनाथचक गांव में आधा दर्जन बेखौफ अपराधियों ने सोमवार की शाम को जमीन कारोबारी पप्पू यादव सहित दो लोगों को गोली मार दी। पप्पू यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस गोलीबारी के दौरान गांव के हेम नारायण सिंह के पैर में गोली लगी है।

गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने अपराधियों को खदेड़ कर पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन सभी एनएच की ओर भागने में सफल रहे। ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी पप्पू यादव और हेमनारायण सिंह को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक ने पप्पू यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल हेमनारायण सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के स्वजन से घटना के बारे में जानकारी ली। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात कही जा रही है। पुलिस ने जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी कर लिए जाने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार मृतक पप्पू यादव गोपालपुर प्रखंड के पूर्व प्रमुख के पुत्र डब्लू यादव के सहयोगी के रूप में काम करता था। मृतक पर एक व्यक्ति की हत्या का आरोप था। घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर, नवगछिया एवं रंगरा सहायक थाने की पुलिस ने अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *