व्यवहार न्यायालय परिसर के एलिवेटेड रोड परियोजना क्षेत्र में आने वाले हिस्से का संयुक्त निरीक्षण

जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने स्थल की वास्तविक स्थिति का लिया जायजा
जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा एवं जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज संयुक्त रूप से व्यवहार न्यायालय, दरभंगा का निरीक्षण किया गया। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना के अंतर्गत व्यवहार न्यायालय परिसर का कुछ हिस्सा परियोजना क्षेत्र में आने के मद्देनजर यह स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रस्तावित एलिवेटेड मार्ग के एलाइनमेंट के संदर्भ में व्यवहार न्यायालय परिसर की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना तथा परियोजना के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न आवश्यक बिंदुओं की स्थल पर समीक्षा करना।
इस दौरान जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने व्यवहार न्यायालय परिसर के विभिन्न हिस्सों का स्थलीय अवलोकन किया।

उन्होंने प्रस्तावित एलिवेटेड मार्ग के एलाइनमेंट, न्यायालय परिसर के अंतर्गत आने वाले संभावित प्रभावित क्षेत्र तथा परियोजना के क्रियान्वयन से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की।

अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित मार्ग के संबंध में स्थल की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संरचनाओं तथा परियोजना के लिए आवश्यक बिंदुओं से जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
