शनिवार को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मुकदमों के निपटारे को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी तरह के मामलों को संवेदनशीलता के साथ पक्षकारों और अधिकारियों के समन्वय से निष्पादित कराने का प्रयास करेंगे।
पूर्व से सुलहनामा दाखिल शमनीय मुकदमें को विशेष रूप से चयनित कर संबंधित अधिवक्ताओं से सार्थक बातचीत कर मुकदमें को निपटारे के लिए तैयार करने को कहा गया।

उन्होंने सभी अधिकारियों से निष्पादन के लिए लक्ष्य निर्धारित करने एवं बेहतर परिणाम हासिल करने की बात कही।

बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी हितधारकों से सहयोग लेने का भी निर्देश दिया गया। दूसरी ओर पक्षकारों को जारी नोटिसों के शत प्रतिशत तामिल के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव आरती कुमारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थानाध्यक्षों के साथ समीक्षात्मक बैठक की।
बैठक में अब तक तामिल करायें गये नोटिसों का ब्यौरा लेते हुए सीजेएम श्री आलम ने 11 सितंबर तक सभी नोटिस को पक्षकारों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाने का निर्देश दिया।

सचिव आरती कुमारी ने कहा कि आखिरी तीन दिनों में सभी लोग मिलकर राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने का प्रयास करें ताकि निष्पादन के मामले में जिले को अव्वल स्थान प्राप्त हो सके।

उन्होंने न्यायालय कर्मियों के साथ भी बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
