Featured

पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

बैंकों को लंबित ऋण आवेदनों का त्वरित निष्पादन एवं अनावश्यक रिजेक्शन नहीं करने के दिए निर्देश

समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं तीव्र क्रियान्वयन को लेकर सभी बैंक पदाधिकारियों, विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं अधिकृत वेंडरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं, कनीय विद्युत अभियंताओं एवं अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि जिन उपभोक्ताओं का विद्युत भार एवं मासिक बिजली खपत अधिक है तथा जो इस योजना में रुचि रखते हैं, उनके घर-घर जाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दें तथा उन्हें अपने घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करें।

बैठक में बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विद्युत विभाग के अभियंता लगातार जिले के अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घरों का भ्रमण कर रहे हैं तथा उन्हें योजना के लाभ, अनुदान एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित वेंडरों को निर्देश दिया कि बैंक स्तर पर स्वीकृत, हस्तांतरित एवं रिजेक्ट लंबित आवेदनों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने सभी बैंक पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से अस्वीकृत (रिजेक्ट) नहीं किया जाए। यदि किसी कारणवश आवेदन अस्वीकृत हुआ है, तो संबंधित वेंडर आवेदकों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधार के साथ पुनः आवेदन कराना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान कर उन्हें योजना के अंतर्गत आवेदन के लिए तैयार करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करें, ताकि जिले में योजना का व्यापक विस्तार हो सके।समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 566 उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने इसे और गति देने के लिए सभी वेंडरों को निर्देशित किया कि चिन्हित सभी इच्छुक आवेदकों को शीघ्र नजदीकी बैंकों में ऋण हेतु आवेदन कराना सुनिश्चित करेंउन्होंने सभी बैंक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करें, ताकि लाभुकों के घरों पर सोलर संयंत्र समय पर स्थापित किए जा सकें।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग) सुश्री प्रियंका कुमारी, कार्यपालक अभियंता श्री विकास कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दरभंगा (शहरी) के श्री केशव कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दरभंगा (ग्रामीण) के श्री अमोद कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बेनीपुर के पदाधिकारी, अंकेश कुमार वरीय प्रबन्धक आई टी,सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, एलडीएम, विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी एवं अधिकृत वेंडर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *