Featured

बिहार में UP मॉडल पर संगठन मजबूत करेगी BSP:मायावती ने सभी विधानसभा सीटों को तीन जोन में बांटकर वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी।

अगले महीने से बसपा बिहार में शुरू करेगी सभा और यात्रा।

बसपा ने बिहार में यूपी मॉडल पर संगठन मजबूत करने का निर्णय लिया है। इसके लिए बसपा सुप्रीमो ने सभी विधानसभा सीटों को तीन जोन में बांटकर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। लखनऊ में पिछले दो दिनों से चली मैराथन बैठक में मायावती ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ गहन चर्चा की और बिहार में अकेले दम पर चुनाव लड़ने का फैसला दोहराया। इस दौरान उम्मीदवारों के चयन, संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विस्तृत समीक्षा की गई।

भतीजे आकाश को दी बिहार में अहम जिम्मेदारी।

अगले महीने से पार्टी की यात्रा और जनसभाएं शुरू हाेगी

मायावती ने बताया कि बिहार की सभी विधानसभा सीटों को तीन जोन में बांटकर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की यात्रा और जनसभाओं का सिलसिला अगले महीने की शुरुआत से शुरू होगा। इन कार्यक्रमों की कमान खुद मायावती संभालेंगी, जबकि राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद, राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और बिहार बसपा इकाई को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी कार्यकर्ताओं तन-मन-धन से जुटें मायावती ने पदाधिकारियों को संगठन की कमियों को दूर करने और पूरी मुस्तैदी के साथ चुनावी मैदान में उतरने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “बिहार एक बड़ा राज्य है, और वहां की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए हमें बेहतर परिणाम लाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।” पार्टी कार्यकर्ताओं ने मायावती को भरोसा दिलाया कि वे बिहार में मजबूत प्रदर्शन करेंगे।

मायावती ने फिर दोहराया बिहार में अकेले लड़ेंगी चुनाव।

यूपी मॉडल पर संगठन मजबूत करने की रणनीति बैठक में बिहार के साथ-साथ ओडिशा और तेलंगाना में भी संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। मायावती ने यूपी की तर्ज पर जिला स्तर से लेकर पोलिंग बूथ तक कमेटियों के गठन और जनाधार बढ़ाने के मिशन को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसपा का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर उनकी आवाज को बुलंद करना है।

बिहार में बदलते समीकरण पर नजर

मायावती ने बिहार के तेजी से बदलते राजनीतिक हालात और चुनावी समीकरणों का जिक्र करते हुए कहा कि बसपा इन सभी पहलुओं पर बारीकी से नजर रख रही है। पार्टी ने बिहार में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *