SP ने कानून-व्यवस्था पर जताई अपनी प्रतिबद्धता:मधुबनी में DM-मंत्री ने किया ध्वजारोहण, स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
मधुबनी जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और जिला प्रभारी मंत्री लेसी सिंह ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
सुबह 9 बजे तिरंगा फहराने के साथ राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान परिसर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे गूंजे। डीएम आनंद शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने जिले की विकास योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
कानून-व्यवस्था पर जताई प्रतिबद्धता
एसपी योगेंद्र कुमार ने नागरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर अपनी प्रतिबद्धता जताई। युवाओं को नशामुक्ति, शिक्षा और तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। मंत्री लेसी सिंह ने बिहार सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन प्राथमिकता में हैं।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। प्रशासन ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया। शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। मुख्य चौराहों, सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगे और रोशनी से सजाया गया।
