दरभंगा में मृतका के परिजनों से मिले पप्पू यादव:प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग; बोले- जरूरत पड़ी तो फिर से पोस्टमार्टम करवाएंगे।
दरभंगा के जाले इलाके में रविवार सुबह(22 जून) को पोखर में नाबालिग लड़की शव मिला था। परिजनों ने गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस का कहना है कि पानी में डूबने से मौत हुई है। जबकि आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया है।
बुधवार को पूर्णिया से निर्दलीय सांसद ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में शासन-प्रशासन हिटलरशाही की तरह हो गया है। डीएमसीएच के प्रिंसिपल से बात हुई है। जरूरत पड़ी तो कोर्ट भी जाएंगे। दोबार से पोस्टमार्टम करवाएंगे।
मृतका के गांव पहुंचे सांसद पप्पू यादव।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
पप्पू यादव ने कहा, ‘इस मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है। निष्पक्ष जांच नहीं हो पा रही है। मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराना चाहिए। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और बच्ची को इंसाफ मिले। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बच्ची पोखर की ओर क्यों गई थी। कितनी देर बाद लापता हुई। वो कहां थी। बिना वैज्ञानिक जांच के इसे डूबने की घटना बताना गलत है। गांव के लोग भी निष्पक्ष जांच चाहते हैं।
