दरभंगा के लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर शेड नहीं, भीगे यात्री:कहा- मिथिलांचल एक्सप्रेस 20 मिनट लेट, 100 पैसेंजर्स बारिश में वेट कर रहे।
दरभंगा रेलवे स्टेशन से महज 5 किलोमीटर दूर लहेरियासराय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रहती है। समस्तीपुर से दरभंगा आने वाली सभी ट्रेनें इसी स्टेशन से होकर गुजरती हैं। जिले के अधिकतर अधिकारियों के आवास और कार्यालय इसी इलाके में हैं। आम लोगों को भी यहां आना-जाना होता है। इसके बावजूद स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं।
प्लेटफार्म नंबर एक पर शेड लगी है। यात्री धूप और बारिश से बच सकते हैं। लेकिन प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर कोई शेड नहीं है। न ही पीने के पानी की व्यवस्था है, न ही कोई शेड है। कुछ बेंच जरूर लगे हैं, लेकिन खुले आसमान के नीचे हैं। धूप हो या बारिश, यात्री परेशान होते हैं।
यहां बीते दो दिन से लगातार हल्की बारिश हो रही है। इस दौरान ट्रेन पकड़ने आए यात्रियों को भीगना पड़ा। मिथिलांचल एक्सप्रेस पकड़ने आए विश्वजीत कुमार चौधरी ने बताया कि ट्रेन 15-20 मिनट लेट थी। बारिश हो रही थी। प्लेटफार्म पर छत नहीं होने से हम भींग गए। कपड़े और सामान भी भींग चुके है।
महिलाएं और बच्चे भी परेशान हुए। इनके कपड़े भी भींग गए। सभी भींग गए हैं। यहां पर बहुत सारी परेशानी हुई है। रेलवे को इस पर सोचना चाहिए। जहां पर इतने सारे लोग आते हैं, वहां पर ओपन प्लेटफॉर्म नहीं होना चाहिए। इसके लिए मैं रेलवे से आग्रह करता हूं कि इस परेशानी को दूर करें। हम लोग करीब 100 पैसेंजर्स वेट कर रहे हैं। लेकिन, शेड नहीं है।
बारिश में भींग कर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
भीड़ के बावजूद प्लेटफार्म पर छत नहीं
यात्री ने कहा कि इतनी भीड़ के बावजूद प्लेटफार्म पर छत नहीं है। ऐसा खुला प्लेटफार्म कहीं नहीं देखा। रेलवे को इस पर ध्यान देना चाहिए। खुले प्लेटफार्म पर यात्री धूप, बारिश और ठंड में परेशान होते हैं। उन्होंने रेलवे प्रबंधन से मांग की कि जल्द से जल्द प्लेटफार्म पर शेड लगाई जाए। बारिश तेज हो गई थी, लेकिन ट्रेन इसी प्लेटफार्म पर आने वाली थी। इसलिए कहीं जा भी नहीं सकते थे।
ट्रैफिक इंस्ट्रक्टर अमीत कुमार ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर 1 पर शेड तो है, लेकिन प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पूरा नहीं है। कहीं-कहीं शेड लगा हुआ है। अभी लहेरियासराय स्टेशन का पुनर्निर्माण किया जाना है। स्टेशन को आदर्श स्टेशन बनाया जायेगा। सभी चीजें ठीक हो जाएगी।
