Featured

मटन खाने के बाद बेसुध होकर गिरा शातिर अपराधी:3 दिन पहले जेल से छूटा था, दूसरी पत्नी पर जहर देकर हत्या का आरोप।

बेगूसराय में रविवार देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शरीर और चेहरा नीला पड़ गया था, लिहाजा डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया जहर से मौत की आशंका जताई है। डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल, गांव के लोग मृतक की दूसरी पत्नी पर जहर देने का आरोप लगा रहे हैं, जो फरार है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है।

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कैथमा गांव की है। मृतक की पहचान रामाधार कुंवर के बेटे 35 साल से रूपेश कुमार उर्फ बिट्टू (35) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में परिजन का कहना है कि रविवार देर शाम रूपेश कोल्ड ड्रिंक लेकर आया था और घर में मटन खाने बैठा। खाना खाने के बाद छत पर बैठा और कुछ ही देर में गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद उसे लेकर निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन दिन पहले भागलपुर सेंट्रल जेल से आया था बाहर

रूपेश कुमार उर्फ बिट्टू तीन दिन पहले यानी 10 मई को भागलपुर सेंट्रल जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से गांव आने के बाद वो गांव में घूम रहा था और बड़े, बुजुर्गों से मिलकर बोल रहा था कि अब कोई क्राइम नहीं करूंगा, अगर ऐसा हुआ तो गांव के लोग ही मिलकर मुझे सजा देंगे। परिवार और गांव के लोग रूपेश की मौत को हत्या बता रहे हैं। उन्होंने हत्या का आरोप उसकी दूसरी पत्नी अंकिता कुमारी उर्फ अनिता राय पर लगाया है।

गांव के लोगों के मुताबिक, रूपेश ने 15 साल की उम्र में यानी साल 2005 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। वो कैथमा और आसपास के क्षेत्र में छिनतई और लूटपाट करता था। धीरे-धीरे उसका अन्य अपराधियों से संपर्क हुआ तो बड़ी-बड़ी घटनाएं करने लगा। कुछ साल बाद घर के लोग परेशान होकर मुंगेर की रहने वाली सपना नाम की लड़की से रूपेश की शादी करा दी। उन्हें लगा कि शादी के बाद वो सुधर जाएगा। शादी के बाद रूपेश के दो बच्चे हुए, लेकिन उसने अपराध करना नहीं छोड़ा।

2010 से 15 साल तक वो बार-बार भेजा जाता रहा जेल

साल 2010 से लेकर अब तक यानी 15 साल तक कई मामलों में रूपेश अक्सर जेल भेजा जाता रहा। इस बीच, 2018 में उसकी पत्नी अपने दोनों बच्चों को छोड़कर अपने मायके मुंगेर चली गई। इसकी जानकारी के बाद 2020 में जब रूपेश जेल से बाहर निकला तो पत्नी को लाने के लिए मुंगेर गया। यहां रूपेश के साले ने कहा कि मेरी बहन घर नहीं जाएगी। इसके बाद रूपेश ने 4 जुलाई 2020 की रात मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के गार्डन बाजार में रहने वाले अपने साले गोलू की गोली मार कर हत्या कर दी।

हत्याकांड में पुलिस ने रूपेश को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया। जहां उसकी मुलाकात अंकिता कुमारी उर्फ अनिता राय से हुई। परिवार के लोगों ने बताया कि जेल से निकलने के बाद रूपेश ने अंकिता से शादी कर ली और नगर थाना क्षेत्र की हरिनाथ नगर मोहल्ले में किराए के मकान में उसके साथ रहना शुरू कर दिया।

आखिरी बार मार्च 2023 को रूपेश को किया गया था गिरफ्तार

17 मार्च 2023 को बड़े अपराध की योजना बनाते हुए हथियार समेत रूपेश और उसके तीन अन्य सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। रूपेश पर दर्ज 30 से अधिक आपराधिक मामले को देखते हुए उसे भागलपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर तात्कालीन एसपी योगेन्द्र कुमार के निर्देश पर सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया था।

टीम ने नगर थाना क्षेत्र के हरिनाथ नगर में रूपेश के किराए का मकान में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने पलंग में बने बॉक्स से तीन देसी पिस्तौल और पांच गोली बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने अंकिता उर्फ अनिता राय को भी गिरफ्तार कर लिया था। जब अंकित के पास से बरामद दो मोबाइल को खंगाला गया, तो टीम को कई जानकारी मिली थी।

इनमें से एक ये था कि बेगूसराय के ही एक बड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने तत्काल इसमें शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया। जांच में ये भी पता चला था कि अंकिता कई पेशेवर अपराधियों के संपर्क में थी और उनका हथियार अपने पास रखती थी। हालांकि, इस मामले में कुछ दिनों के बाद ही अंकिता उर्फ अनिता जमानत पर जेल से बाहर आ गई थी और दूसरी जगह किराए के मकान में रह रही थी।

रूपेश की पत्नी पर जहर देकर हत्या का आरोप क्यों?

रूपेश के जाने के बाद दूसरी पत्नी अंकिता अकेले आराम से रह रही थी। आपराधिक चरित्र की वजह से उसका उठना बैठना उस तरह के लोगों के साथ होता रहता था। कहा जा रहा है कि तीन दिन पहले जब रूपेश जेल से बाहर आया तो अंकिता को लगा कि उसकी आजादी छीन जाएगी, क्योंकि रूपेश गांव मेंं घूम-घूम कर लोगों से बता रहा था कि वो अब किसी तरह का अपराध नहीं करेगा। इसी वजह से अंकिता ने रूपेश के खाने में जहर मिला दिया। फिलहाल, मुफस्सिल थाना की पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजन के आवेदन के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *