Featuredप्रादेशिक

बाइकर गैंग में वर्चस्व की लड़ाई बढ़ी, एक साल के अंदर मसौढ़ी में फिर मर्डर।

पटना: स्मैक, ब्राउन शुगर, थिनर आदि के नशे का कारोबार बढ़ाने के लिए बाइकर्स गैंग के वर्चस्व की लड़ाई राजधानी पटना से निकल अब नए विकसित हो रहे शहरों में भी तेजी से दिखने लगी है। पटना जिले के मसौढ़ी में तीन गैंग हैं। जिनमें दो के बीच खूनी संघर्ष ज्यादा होता है। एक साल पहले महाकाल गैंग के एक युवक की हत्या हुई थी। अब इसके कट्टर दुश्मन प्लास्टिक गैंग के एक बाइकर को गोलियों से भून डाला गया है। रविवार दोपहर को यह वारदात तरेगना डीह मंडप के पास हुई। मारे गए युवक हनी सिंह उर्फ गोलू पर कई केस चल रहे थे।

महान खगोलविद् आर्यभट्ट की धरती मसौढ़ी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई घोषणाएं कर रखी हैं, लेकिन सरकार के लिए चौंकाने वाली जानकारी है कि बाइकर्स गैंग ने शहर के रूप में विकसित हो रहे इलाके को तीन हिस्सों में बांट दिया है- मलकाना, मंडप और पटेल नगर। तीन अलग-अलग गैंग अपना इलाका बढ़ाने के प्रयास में रहते हैं। इसमें महाकाल और प्लास्टिक गैंग के बाइकर्स के बीच कुछ-कुछ अंतराल पर खूनी संघर्ष की खबरें आती रहती हैं। करीब एक साल पहले महाकाल गैंग के एक बाइकर की हत्या के बाद से आशंका जताई जा रही थी कि कभी भी इसका बदला लिया जा सकता है।

हनी सिंह उर्फ गोलू की हत्या किसने की और किस वजह से, अभी इसकी पुष्टि पुलिस भी नहीं कर पा रही है। वरीय अधिकारी भी मसौढ़ी में घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। पूछताछ की जा रही है। मसौढ़ी थानाध्यक्ष ने बताया कि गोलू को तीन गोलियां लगी हैं। उसपर कई केस हैं, लेकिन अभी इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल सकेगी। दिनदहाड़े मर्डर के बाद बाइकर्स गैंग के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर आम लोगों ने भी पुलिस के उच्चाधिकारियों के सामने रोष जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *