Featured

दरभंगा : दरभंगा में 13 नवंबर को पीएम करेंगे एम्स का शिलान्यास:पेयजल के लिए 60 चापाकल लग रहे, नेताओं और अधिकारियों के लिए होंगे अलग-अलग मार्ग

भारत में जम्मू कश्मीर के बाद बिहार भी दो एम्स वाला दूसरा राज्य होगा। 13 नवंबर को शिलान्यास के साथ ही दरभंगा एम्स निर्माण का सपना साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी आधारशिला रखने जा रहे हैं।

साथ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के अलावा केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्रियों के साथ ही सांसद, विधायक, विधान पार्षद के बड़ी संख्या में जुटने के आसार हैं। कुल मिलाकर आयोजन काफी बड़ी होगी। लिहाजा इसे स्मरणीय बनाने की तैयारी है।

पीएचईडी की ओर से पेयजल की सुविधा मुहैया करने के लिए करीब पांच दर्जन चापाकल लगाए जा रहे हैं। निर्माण स्थल पर अस्थाई थाना पहले से ही कार्यरत है। जिसमें पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जा चुकी है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।

आमजन के साथ मंत्री व अन्य राजनेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग तैयार किए जा रहे हैं। ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से पांच पक्की सड़क तैयार हो रही है। जिन्हें अंतिम स्वरूप देने में मजदूर दिन-रात जुटे हैं। अलग-अलग वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तैयार किए जा रहे।

कार्यक्रम के लिए की जा रही तैयारियां।
एसपी-डीएम ने लिया जायजा

आयोजन स्थल पर प्रस्तावित जनसभा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है। तैयारी को लेकर एनडीए के नेताओं के साथ ही जिला प्रशासन और NHAI के कर्मी दिन-रात लगे हैं। डीएम राजीव रौशन के साथ एसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने तैयारी का जायजा लिया। सभी को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।

शोभन के समीप दरभंगा एम्स के लिए प्रस्तावित स्थल पर एक तरफ जहां सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर चिकित्सा सुविधा की भी अस्थाई व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री के साथ अन्य वीआईपी, मंत्री और नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसको लेकर आधा दर्जन हेलीपैड तैयार किए जा रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *