दरभंगा : घर से अचानक गायब हुई एक किशोरी का शव गांव के ही पोखर में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना मंगलवार अहलसुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर
गांव की है। मृतिका ग्रामीण मो.इरफान की पुत्री सना परवीन (14) बताई जाती है। जो 10 वीं की छात्रा थी। बताया जाता है कि सना परवीन सोमवार देर शाम घर से गायब हो गई।
जिसके बाद स्वजन उसकी तलाश अगल-बगल में कर रहे थे। रातभर ढूढ़ने के बाद सुबह में स्वजन ने घर से 50 गज दूर गाछी से घिरे मीरो पोखर के निकट सना की
चप्पल को देखा। सूचना पर पहुंची अलीनगर पुलिस के अनुरोध पर स्थानीय मछुआरों ने पोखर के पानी में तलाश कर किशोरी के शव को बाहर निकाला। इस
दौरान शव देखने ग्रामीणों भीड़ की जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चा होने लगी। जबकि स्वजन शव देखते ही चित्कार मारकर रोने लगे और किशोरी की हत्या का आरोप उसके प्रेमी पर लगाने लगे। मृतिका के चाचा
मो.तबरेज आलम ने बताया कि सना का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी घरवालों को हुई तो उन्होंने शादी के लिए लड़के के पिता से बात की। इस पर युवक के पिता ने सना परवीन के
पिता से दो लाख दहेज की डिमांड की और बताया कि बीए के बाद बेटे को पढ़ने के लिए बाहर भेजेंगे। उसकी पढ़ाई में दो लाख खर्च होगा। इतनी रकम तत्काल देने पर सना के पिता मो.इरफान ने असर्मथता जताई और कहा
कि जल्द ही दो लाख का इंतजाम कर दोनों की शादी करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों का मिलना-जुलना बढ़ गया।सोमवार शाम सना के गायब होने पर भी हमलोग युवक के घर पर गये थे। जहां उसने
बताया कि गांव के चौक पर सना एक सहेली से मिलने गई है। जबकि सहेली ने बताया कि सना नहीं आई है। इसके बाद हमलोग उसकी तलाश में जुटे थे। इधर,
अलीनगर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के हवाले कर दिया है। बताया जाता है कि पुलिस प्रेमी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।




