Featuredदरभंगा

प्रखंड शिक्षिका की अचानक मौत, परिजनों ने ठंड के कारण मौत की जताई आशंका।

अलीनगर प्रखंड की अधालोआम पंचायत के शंकरपुर निवासी पंडित अशोक झा की पत्नी और तारडीह प्रखंड के मध्य विद्यालय कठरा की प्रखंड शिक्षिका कल्याणी कुमारी (45) की मौत सोमवार की रात हो गई। आशंका है कि ठंड लगने के कारण उनकी मौत हुई है।

मुखिया रीता देवी ने कहा कि ठंड लगने से शिक्षिका की मौत हुई है। वहीं, मृतका के छोटे पुत्र केशव झा ने भी ठंड से ही मौत होने की बात कही है। उसने बताया कि उसकी मां सोमवार को हाड़ कंपाती ठंड के बीच विद्यालय से घर लौटी थी। शाम से ही वह अधिक ठंड लगने की बात कहकर आग के पास बैठ गयी। रात में खाना खाने के बाद सोने से पहले वह शौचालय जाने लगी। उसी क्रम में कंपकंपाते हुए गिर गई। तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंचे। परिवार के लोगों ने ग्रामीण चिकित्सक को बुलाते हुए उसे अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था की, पर तक तक शिक्षिका की मौत हो चुकी थी।

इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता में पंडित का काम कर रहे उसके पति अशोक झा और दिल्ली से बड़े पुत्र भी घर के लिए रवाना हो गये हैं। उधर, कठरा स्थित विद्यालय में शिक्षकों ने दो मिनट का मौन धारण कर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। शोक सभा में शिक्षक सुरेश राय, धीरेंद्र झा, सुबोध सिंह, सुनयना कुमारी, अर्चना कुमारी, श्याम झा सहित अन्य मौजूद थे। शिक्षकों ने बताया कि कल्याणी कुमारी वर्ष 2007 से ही यहां कार्यरत थी।

कई शिक्षकों ने शंकरपुर स्थित उसके घर जाकर पीड़ित परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। मुखिया रीता देवी, उप मुखिया संतोष यादव और जिप सदस्य नंदकिशोर झा बेचन ने भी मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना करते हुए शोक-संतप्त परिजनों को ढाढ़स बंधाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *