Wednesday, August 19, 2026
Latest:
Featured

सहयोग शिविर में आपदा से मृत 05 व्यक्तियों के निकटतम आश्रितों को अनुग्रह अनुदान राशि का चेक प्रदान

गौड़ाबौराम प्रखंड के नदई पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय, बेला गनौनी में आज सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना रहा।

सहयोग शिविर के दौरान माननीय विधायक, गौड़ाबौराम श्री सुजीत कुमार सिंह द्वारा आपदा में मृत 05 व्यक्तियों के निकटतम आश्रितों को अनुग्रह अनुदान राशि का चेक प्रदान किया गया।
चेक प्राप्त करने वाले आश्रितों को सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर माननीय विधायक ने कहा कि आपदा की स्थिति में पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा पीड़ित परिवारों को नियमानुसार देय सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

शिविर में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों, राजस्व एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को प्राप्त कर उनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से प्रशासन एवं आमजनों के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विशेष रूप से आपदा पीड़ित परिवारों, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को सरकार की सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *