Featured

श्रद्धेय राजदेव प्रसाद ठाकुर स्मृति प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 में मेधावी छात्र-छात्राओं एवं 11 समाजसेवियों का हुआ सम्मान

सपोर्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में लक्ष्मी राजदेव इंटर कॉलेज, पियर, बंदरा (मुजफ्फरपुर) में “श्रद्धेय राजदेव प्रसाद ठाकुर स्मृति प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” सह राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था “कृषि एवं खाद्य प्रणाली का सुदृढ़ीकरण: स्थानीय से वैश्विक अवसरों का नया द्वार”।

कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री अनिल कुमार ठाकुर ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रत्नेश कुमार झा, निदेशक, प्रसार शिक्षा, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा तथा श्री भारत भूषण, जिला कृषि पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुधाकर प्रसाद लाल, प्रभारी कृषि प्रसार शिक्षा निदेशालय, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, श्री आलोक कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर तथा प्रो. अरुण कुमार ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री उदय शंकर प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसायटी, बिहार ने की।

इस अवसर पर बंदरा प्रखंड के सभी विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए अनुमंडल कृषि पदाधिकारी श्री आलोक कुमार ने कहा कि किसानों को मौसम के अनुकूल फसलों का चयन एवं उत्पादन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित खेती समय की आवश्यकता है।

अभिज्ञान ने किसानों से बिचौलियों से बचने और अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के लिए सीधे बाजार से जुड़ने का आह्वान किया।

प्रो. अरुण कुमार ने कहा कि आज भारत खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुका है और अब गुणवत्ता, प्रसंस्करण तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।डॉ. रत्नेश कुमार झा ने कहा कि मनुष्य को खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की स्थानीय एवं परंपरागत कृषि प्रणाली को वैश्विक स्तर तक पहुँचाने की आवश्यकता है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और देश की कृषि को नई पहचान मिलेगी।

श्री अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि किसानों को नवाचार अपनाने और आगे बढ़ने के लिए स्वयं जोखिम उठाने का साहस करना होगा। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, संगठन और आधुनिक तकनीक के समन्वय से ही कृषि क्षेत्र नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकता है।कार्यक्रम का सफल संचालन सपोर्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रंगीश ठाकुर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन श्री मनोज कुशवाहा ने किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री कर्मवीर प्रसाद द्विवेदी, श्री देवेन्द्र पांडेय, दिवाकर प्रसाद ठाकुर, श्री मनोज झा, श्री मनीष कुमार झा, श्री धीरज कुमार, श्री संदीप कुमार, श्री अनिल सिन्हा, श्री रविनन्दन जी तथा श्री इन्द्रजीत ईश्वर सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, किसान, छात्र-छात्राएँ, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सपोर्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रंगीश ठाकुर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था प्रतिभाओं के सम्मान, कृषि नवाचार तथा सामाजिक जागरूकता के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *