जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनकर त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखें।
उन्होंने कुल 25 से अधिक आवेदनों पर विस्तृत सुनवाई की, जिनमें 13 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया। शेष आवेदनों के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु स्पष्ट निर्देश प्रदान किए गए।
प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पैक्स से संबंधित मामले, पेयजल समस्या, अंतर्जातीय विवाह से जुड़े प्रकरण, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं से संबंधित शिकायतें तथा अन्य जनहित के विषय शामिल थे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त समस्याओं का समाधान शीघ्र, पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर की गई कार्रवाई की स्पष्ट एवं लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस सोमवार एवं शुक्रवार को थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला एवं प्रमंडल स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई करते हैं तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।




