केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार बुधवार यानी 10 दिसंबर को सुबह 7 बजे पटना के समनपुरा में AQI 335 दर्ज किया गया। वहीं इसी समय दिल्ली के द्वारका इलाके में AQI 326 रहा। हालांकि पिछले 24 घंटे में दिल्ली का AQI 350 के पार भी पहुंचा था, लेकिन सुबह की स्थिति में पटना अधिक प्रदूषित रहा। 300 से ऊपर का AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में माना जाता है, जिसमें लंबे समय तक रहने से सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
बिहार के 10 शहरों की हवा भी खराब
पटना के अलावा बिहार के 10 और शहरों में बुधवार सुबह AQI 200 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इन शहरों में गयाजी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, भागलपुर, आरा, बक्सर, मुंगेर, बिहारशरीफ, अररिया और राजगीर शामिल हैं।
आज सुबह 7 बजे बिहार के प्रमुख शहरों का AQI
| शहर | AQI |
| पटना | 335 |
| अररिया | 218 |
| आरा | 217 |
| बेगूसराय | 185 |
| भागलपुर | 280 |
| बिहारशरीफ | 259 |
| बक्सर | 204 |
| गयाजी | 221 |
| हाजीपुर | 214 |
| मुंगेर | 269 |
| मुजफ्फरपुर | 206 |
| पूर्णिया | 139 |
| राजगीर | 248 |
| सहरसा | 185 |
विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड, हवा की कम गति और कोहरे की वजह से प्रदूषित कण वातावरण में नीचे ही जमे रहते हैं, जिससे AQI तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों को आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।




