Featured

19 से 22 नवंबर तक ली जाएगी 10वीं की सेंटअप परीक्षा, प्रायोगिक 24 नवंबर को।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंट अप परीक्षा 2025 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा को लेकर जिले के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में तैयारियां जोरों पर हैं।

 

बोर्ड के दिशा निर्देश के अनुसार, सैद्धान्तिक परीक्षा 19 नवंबर से 22 नवंबर 2025 तक तथा प्रायोगिक परीक्षा 24 नवंबर को आयोजित की जाएगी। डीईओ अक्षय कुमार पांडेय ने बताया कि बोर्ड के निर्देश के अनुसार, पूरे जिले में आदेश जारी किया गया है। हर किसी को इसके अनुपालन का आदेश दिया गया है। इस परीक्षा में जिले भर के हजारों छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे। परीक्षा में केवल वही विद्यार्थी भाग ले सकेंगे जिनकी विद्यालय में उपस्थिति 75 प्रतिशत या उससे अधिक है।

 

परीक्षा में असफल या अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा, यानी वे मुख्य परीक्षा से वंचित रह जाएंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नपत्रों की आपूर्ति समिति स्तर से जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय के माध्यम से सभी विद्यालयों को कराई जाएगी। विद्यालयों के प्रधान 10 नवंबर से 18 नवंबर 2025 के बीच प्रश्नपत्र प्राप्त करेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

 

बोर्ड ने सभी विद्यालय प्रधानों को यह भी निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यालयों में पारदर्शी परीक्षा संचालन सुनिश्चित करें तथा 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति न दें। परीक्षा के बाद सभी विद्यालयों को प्राप्तांक प्रविष्टि पंजी में तैयार कर उसकी सॉफ्ट कॉपी सीडी और हार्ड कॉपी हस्ताक्षरित एवं मुहरयुक्त के साथ दो दिसंबर तक डीईओ कार्यालय में जमा करना होगा। विद्यालयों में प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए नोडल शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *