Featured

दरभंगा में स्वर्ण व्यवसायी पर जानलेवा हमला, लॉकर की चाबी न देने पर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।

बिहार में अपराध पर “जीरो टॉलरेंस” की सरकार की लगातार दावों के विपरीत, अपराधी बेखौफ होकर अपनी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जो अब सरकार के लिए एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

लॉकर की चाबी न देने पर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां।

 

बिहार में अपराध पर “जीरो टॉलरेंस” की सरकार की लगातार दावों के विपरीत, अपराधी बेखौफ होकर अपनी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जो अब सरकार के लिए एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ताजा मामला दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के पुरानी भरवाड़ा बाजार से सामने आया है, जहाँ गुरुवार देर शाम अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी सुरेश ठाकुर को गोली मार दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घायल व्यवसायी को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए पहले डीएमसीएच ले जाया गया, जहाँ से उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात का पूरा ब्योरा 

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सिंहवाड़ा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना के पीछे लूट की मंशा बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि अपराधियों ने लगभग छह राउंड फायरिंग की, जिनमें से दो गोलियाँ दुकानदार को लगीं — एक चेहरे को छूती हुई निकल गई, जबकि दूसरी सिर के पास लगी। इससे दुकानदार बुरी तरह घायल तो है, लेकिन खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन का जमावड़ा

इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, कमतौल की एसडीपीओ ज्योति कुमारी, जाले थाना, सिमरी थाना सहित स्थानीय प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।

पीड़ित व्यवसायी सुरेश ठाकुर के भतीजे गोविंद ने बताया कि घटना के समय उनके चाचा दुकान में रोजमर्रा के हिसाब-किताब में व्यस्त थे। तभी अचानक छह हथियारबंद युवक दुकान में घुस आए और उन पर हमला कर दिया। फायरिंग के दौरान दुकानदार को गंभीर चोटें आईं और अपराधी दुकान से कुछ कीमती सामान भी ले गए। लूटे गए सामान का आकलन बाद में किया जाएगा।

सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष रंजीत चौधरी ने बताया कि घटना की जाँच चल रही है और सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *