गिरफ्तार तस्करों की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के धनहा थाना क्षेत्र के खलवापट्टी निवासी पंकज गुप्ता और धवाहिया निवासी कन्हैया कुशवाहा के रूप में हुई है। वहीं, घायल बदमाश खुर्शीद आलम उत्तर प्रदेश के हनुमानगंज सेमरिया का निवासी है, जिस पर यूपी में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
जवाबी कार्रवाई में पशु तस्कर के पैर में लगी गोली।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार की सीमा से जुड़े इलाकों में सक्रिय पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विशेष सूचना मिली थी। इसी के तहत यूपी पुलिस की चार थानों की संयुक्त टीम ने महुअवा कट के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।
तस्करों ने पुलिस पर की गोलीबारी
इसी दौरान एक पिकअप वैन को रोकने पर उसमें सवार तस्करों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में खुर्शीद को गोली लग गई, जबकि उसके बिहार निवासी दोनों साथी पकड़ लिए गए। मौके से पुलिस ने तीन अवैध तमंचे, छह कारतूस, तीन खोखा, रस्सी, लकड़ी की ठिह, पांच गोवंश और एक पिकअप वैन जब्त की है।
घायल खुर्शीद को इलाज के लिए जिला अस्पताल कुशीनगर में भर्ती कराया गया है। दोनों गिरफ्तार बिहार के तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
इस पूरे अभियान में पटहेरवा, कोतवाली हाटा, तरयासुजान और तमकुहीराज थाना की सराहनीय भूमिका रही। प्रभारी निरीक्षक प्रकाश राज, प्रकाश सिंह, अमित शर्मा, सुशील कुमार शुक्ला, दीपक सिंह, अनुराग शर्मा और मनोज वर्मा ने अहम भूमिका निभाई।





