Featured

बेटी की शादी से पहले घर में लगी आग:कैश और गहने जले।

कैश और गहने जले, दरभंगा में 12 लाख रुपए का नुकसान, पीड़ित बोलें- अब कैसे होगी  शादी ।
दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के अहियारी गोट में महता पोखर के पास हरिश्चंद्र यादव के घर में शनिवार की रात 11 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हरिश्चंद्र यादव की बेटी कविता कुमारी की शादी 25 अप्रैल को होनी थी। शादी के लिए घर में रखे दो लाख रुपए कैश, सोने-चांदी के गहने, फर्नीचर, कपड़े और बर्तन सब जल गए।

समझ नहीं आ रहा, कैसे होगी शादी

पीड़ित परिवार ने बताया कि शादी के खर्च के लिए जमीन बेचकर और कर्ज लेकर पैसे जुटाए थे। आग में करीब 10 से 12 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी आधे घंटे बाद पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने चापाकल, बोरिंग और तालाब से पानी लाकर आग पर काबू पा लिया था।

वहीं इस हादसे में हरिश्चंद्र यादव और उनकी पत्नी फूलो देवी बुरी तरह झुलस गए। दोनों का इलाज चल रहा है। पीड़िता फूलो देवी ने बताया कि बेटी की शादी के लिए जो कुछ भी जोड़ा था, सब खत्म हो गया। अब समझ नहीं आ रहा कि शादी कैसे होगी।

मुखिया की अपील- विधायक, सांसद और मंत्री करें मदद

अहियारी दक्षिणी पंचायत के मुखिया नागेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह परिवार पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक, सांसद और मंत्री से आर्थिक मदद की अपील की है। साथ ही कहा कि वे भी अपने स्तर से मदद करेंगे ताकि बेटी की शादी अच्छे माहौल में हो सके। ग्रामीण प्रेम कुमार यादव ने कमतौल थाना में फायर ब्रिगेड की गाड़ी की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय पर गाड़ी नहीं पहुंचने से बड़ा नुकसान हो गया। अगर गाड़ी 5 मिनट में पहुंचती तो नुकसान कम होता।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *