Featured

कटिहार के प्रसिद्ध व्यवसायी के 10 ठिकानों पर छापेमारी।

कटिहार सहित तीन राज्यों में चल रही इनकम टैक्स की कार्रवाई, व्यापारियों में हड़कंप

कटिहार के प्रसिद्ध व्यवसायी सिंघेश्वर सिंह के लगभग 10 ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। बताया गया कि होटल सनसिटी पैलेस के मालिक सिंघेश्वर सिंह के कटिहार समेत पश्चिम बंगाल, हैदराबाद के ठिकानों पर आयकर विभाग की रेड पड़ी है। वहीं, कटिहार में दुर्गा स्थान स्थित होटल, अनाथ आलय स्थित गोदाम सहित अमला टोला स्थित इनके प्रशांत बीज भंडार में भी आयकर की रेड पड़ी है।

इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों के मुख्य द्वार को बंद कर विभागीय अधिकारी द्वारा पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस दौरान किसी के अंदर बाहर करने पर पूर्ण प्रतिबंध है। नगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार सिंह ने बताया कि आयकर विभाग की टीम के द्वारा होटल सनसिटी पैलेस के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की सूचना है।

आय से अधिक संपत्ति को लेकर चल रही छापेमारी

कार्रवाई को लेकर सभी जगहों पर सुरक्षा के मद्देनजर विशेष पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल तैनात किए गए हैं। आरोप है कि सिंघेश्वर सिंह ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है और वित्तीय अनियमितताएं बरती हैं। कटिहार में इस छापेमारी से आयकर चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। आयकर विभाग की गोपनीय टीम अन्य धनाढ्य व्यवसायियों की भी सूची तैयार कर रही है। अधिकारी मीडिया से दूरी बना रहे हैं और कोई टिप्पणी करने से बच रहे हैं।

कुछ भी बताने से बच रही टीम

फिलहाल इस मामले में आयकर विभाग से जुड़े कोई पदाधिकारी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *