बिहार: खुद को ही शूट कर लेने वाले ASI पर किस बात का था प्रेशर? पटना के एकता भवन में लाश मिलने से हड़कंप
पटना के एकता भवन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां एक ASI ने खुद ही अपने सिर में गोली मारकर जान दे दी. मृतक अजीत कुशवाहा भोजपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पटना में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर अजीत कुशवाहा ने सिर में गोली मारकर जान दे दी.
पटना के एकता भवन में बिहार पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ने खुद को शूट कर लिया.
एएसआई अजीत कुशवाहा ने अपने सिर में गोली मारकर दे दी जान, मामले की जांच जारी.
पटना. बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर है कि यहां एक एएसआई ने अपनी जान दे दी है. पटना के एकता भवन में इसी ने खुद ही अपने सिर में गोली मार ली है. मृतक का नाम अजीत सिंह कुशवाहा है. बताया जा रहा है कि वह आरा के तरारी के रहने वाले हैं. इस मामले की जांच के लिए मौके पर पटना सेंट्रल एसपी स्वीटी सेहरावत मौके पर हैं और एफएसएल की टीम भी मौजूद है. बॉडी के पास जांच की जा रही है.
बता दें कि एकता भवन में एक ही छत के नीचे बहुत सारे पुलिसकर्मी रहते हैं. मृतक अजीत सिंह कुशवाहा शादी शुदा थे और वे दो बच्चों के पिता थे. घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे. इसके बारे में मृतक एएसआई का भतीजा विकास कुमार ने बताया कि पहले से सब ठीक था, बिल्कुल नॉर्मल थे. छुट्टी नहीं मिलने से कुछ दिनों से दबाव में थे. अब ये जांच का विषय है. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच होगी.
वहीं, पिता विनोद सिंह ने कहा कि घर से कोई प्रेशर नहीं था. मेरे चार बेटे हैं. कौन मारा या क्या हुआ, मुझे कुछ पता नहीं है. परिजनों ने कई तरह के आरोप लगाए हैं .मृतक के पिता ने कहा है कि उसे छुट्टी नहीं मिल पा रही थी. उन्होंने दावा किया कि मेरा बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता .उनके दूसरे परिजनों ने कहा की गोली मारने के बाद ढाई घंटे तक उनकी बॉडी पड़ी रही, लेकिन उसे किसी ने छुआ तक नहीं. जबकि, उसे अस्पताल भी ले जाना चाहिए था. परिजनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की है.
