Featuredदरभंगाप्रादेशिक

दो लोगों को बदमाशों ने मारी गोली, मामले की जांच में जुटी पुलिस।

बिहार में बेखौफ बदमाशों का तांड़व जारी है. प्रदेश में कोई भी कहीं भी खुद को सुरक्षित नहीं समझ रहा है. ताजा मामला कैमूर जिले से सामने आया है. यहां कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी के पास एनएच 2 पर बदमाशों ने बाइक सवार दो लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया. दोनों गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, दोनों घायल कुदरा थाना क्षेत्र के लालापुर से सासाराम जा रहे थे तभी बाइक सवार 3 अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. दोनों घायलों का सीएचसी कुदरा में चिकित्सको द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया.

सूचना मिलते ही कुदरा पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान लेकर जांच में जुटी हुई है. घायलों की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के लालापुर गांव निवासी सलमान राइन और रोशन राइन के रूप में हुई है. सलमान ने जानकारी दी कि हम लोग सासाराम की तरफ जा रहे थे, तभी सकरी के पास नेशनल हाईवे नंबर-2 पर बाइक सवार 3 अपराधियों ने हम लोगों के ऊपर फायरिंग, जिसमें हम दोनों लोगों को गोली लगी है. हम लोग गाड़ी घुमा कर अस्पताल आए और वह लोग गोली मारने के बाद सीधे सासाराम की तरफ भाग निकले.

डॉ उपेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया गोली लगे हुए दो लोग आए हुए थे. जिसमें एक पर गोली के तीन निशान और एक पर एक निशान पाए गए हैं. दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया है . एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद ही क्लियर होगा कि कितनी गोलियां लगी हैं और कोई गोली शरीर में फंसी तो नहीं है. फिलहाल एक की स्थिति गंभीर थी और दूसरे की स्थिति सामान्य बनी थी.

वहीं कुदरा थाना के एएसआई रामायण मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि दो लोगों के जख्मी होने की सूचना कुदरा पुलिस को मिली थी. पुलिस अस्पताल पहुंची दोनों जख्मी का उपचार करके चिकित्सकों द्वारा सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया है. अभी जानकारी नहीं मिल सकी है कि जख्मी किन कारण से लोग हुए हैं. पुलिस जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *