नगर निकायों के क्षेत्र विस्तार को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

संबंधित पदाधिकारियों को नगर निकाय क्षेत्र विस्तार हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश

जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज कार्यालय कक्ष में नगर निकायों के क्षेत्र विस्तार से संबंधित विषयों को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के विस्तार एवं उससे संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में नगर आयुक्त दरभंगा सुश्री गरिमा लोहिया, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री रोहित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार गौरव, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार यादव सहित नगर पंचायत एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा संबंधित अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निकाय क्षेत्रों के विस्तार से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने नगर निकाय क्षेत्र के विस्तार के लिए संबंधित क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित नगर निकाय के क्षेत्र विस्तार हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय संबंधित क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, जनसंख्या, प्रशासनिक सुविधा, नागरिक आवश्यकताओं तथा नगरीय विकास की संभावनाओं सहित सभी प्रासंगिक बिंदुओं का समुचित अध्ययन किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगर निकायों के क्षेत्र विस्तार से संबंधित कार्यों में संबंधित सभी विभागों एवं पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि प्रस्ताव तैयार करने एवं आगे की कार्रवाई में किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो।

बैठक में नगर निकायों के क्षेत्र विस्तार से जुड़े अन्य संबंधित बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
