Featured

विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं पर्यवेक्षण गृह का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण


बाल देखरेख व्यवस्था,बच्चों की सुरक्षा,स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अभिलेखों के संधारण की ली जानकारी, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, दरभंगा तथा पर्यवेक्षण गृह, दरभंगा का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दोनों संस्थानों में रह रहे बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, पुलिस उपाधीक्षक श्री धर्मेंद्र कुमार, सिविल सर्जन श्री अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, शिक्षा विभाग श्री संजय कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस श्रीमती चांदनी सिंह, सहायक निदेशक श्री अनिमेष कुमार चंद्र एवं बाल संरक्षण पदाधिकारी, बाल संरक्षण इकाई, दरभंगा श्री राजीव रंजन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में बच्चों की देखरेख एवं संरक्षण व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन, साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उन्होंने बच्चों के लिए उपलब्ध आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को बच्चों के सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान संस्थान के अभिलेखों के संधारण, बच्चों से संबंधित रिकॉर्ड तथा दत्तक ग्रहण प्रक्रिया से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाए तथा दत्तक ग्रहण से संबंधित प्रक्रियाओं का नियमानुसार एवं पारदर्शी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह, दरभंगा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बच्चों की आवासीय व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *