पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी ने की बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक

दरभंगा, 07 सितंबर, 2026:-
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज अंबेडकर सभागार में में राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधियों, बिजली विभाग के अभियंता के साथ पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के तहत सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने के इच्छुक लाभुकों को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने सभी क्षेत्रों के कनीय अभियंताओं को कम-से-कम 25 नए आवेदन करवाने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित संवेदकों को निर्देशित किया कि अब तक जो भी सामग्री/उपकरण डिस्पैच किए गए हैं,उनका अगले चार दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से इंस्टॉलेशन सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों का शीघ्रता से निष्पादन करते हुए ऋण को स्वीकृत (Sanction) एवं वितरित (Disburse) किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को बिना अनावश्यक विलंब के योजना का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा लाभुकों को आवश्यक बैंकिंग सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।
बैठक के दौरान योजना से संबंधित ऋण आवेदनों की स्थिति, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया तथा बैंक स्तर पर आ रही कठिनाइयों पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी योजना के क्रियान्वयन में बैंकों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखने तथा लाभुकों को तकनीकी एवं प्रक्रियागत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में विद्युत विभाग के अभियंता सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
