Featured

दरभंगा में निर्यातक कार्यशाला का आयोजन


विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT), भारत सरकार, क्षेत्रीय प्राधिकरण, कोलकाता के तत्वावधान में आज समाहरणालय परिसर स्थित अम्बेदकर सभागार, दरभंगा में निर्यातक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य दरभंगा जिले के प्रमुख निर्यातकों एवं उद्यमियों को भारत सरकार की विदेश व्यापार नीति-2023 तथा निर्यात संवर्धन से संबंधित विभिन्न योजनाओं, प्रक्रियाओं एवं डिजिटल पहलों की विस्तृत जानकारी प्रदान कर उन्हें निर्यात के क्षेत्र में अधिक सक्षम एवं जागरूक बनाना।

कार्यशाला में पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विदेश व्यापार नीति-2023 की प्रमुख विशेषताओं, नई योजनाओं, प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा निर्यात संवर्धन से जुड़ी डिजिटल पहलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बताया गया कि सरकार द्वारा निर्यातकों के लिए व्यापार प्रक्रिया को सरल, तीव्र एवं अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यशाला के दौरान निर्यातकों को प्रमुख निर्यात संवर्धन योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इनमें निर्यात उत्पादों पर शुल्क एवं कर छूट योजना, शुल्क छूट/माफी योजना (Duty Exemption), निर्यात संवर्धन पूंजीगत माल योजना (EPCG) तथा स्टेटस होल्डर सर्टिफिकेट आदि प्रमुख रहे। इन योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की गई।

प्रतिनिधियों ने बताया कि विदेश व्यापार नीति के अंतर्गत 47 प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है तथा निर्यात संवर्धन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इससे निर्यातकों को प्रक्रियागत सुविधा मिलने के साथ-साथ समय एवं लागत में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।
कार्यशाला में उपस्थित निर्यातकों एवं उद्यमियों ने विभिन्न योजनाओं, निर्यात प्रक्रिया, शुल्क, डिजिटल सेवाओं तथा अन्य संबंधित विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे। DGFT, कोलकाता के प्रतिनिधियों द्वारा उनके प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान किया गया तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
DGFT, कोलकाता के प्रतिनिधि ने कहा कि निर्यातकों एवं उद्यमियों को भारत सरकार की नई नीतियों एवं योजनाओं से लगातार अवगत कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
उन्होंने निर्यातकों से उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर DGFT की ऑनलाइन सेवाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि निर्यातक एवं उद्यमी किसी भी कार्य दिवस में DGFT की ऑनलाइन सेवाओं के माध्यम से अपनी समस्या अथवा जिज्ञासा के समाधान के लिए विशेषज्ञों से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इससे निर्यात से संबंधित प्रक्रियाओं को सुगम एवं पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, दरभंगा, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिले के प्रमुख मखाना निर्यातक, उद्यमी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला के माध्यम से जिले के निर्यातकों एवं उद्यमियों को भारत सरकार की निर्यात संवर्धन नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ निर्यात प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं एवं संस्थागत सहयोग के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *