बाढ़ की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने की समीक्षा

दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को तटबंधों की सतत निगरानी एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा को लेकर दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बाढ़ सुरक्षा, तटबंधों की स्थिति, नदी कटाव, आपदा प्रबंधन की तैयारियों तथा नहर प्रणाली में किसानों के लिए पानी की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आयुक्त महोदय ने बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों एवं अभियंताओं को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहते हुए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार सितंबर माह में बाढ़ की संभावना को देखते हुए सभी स्तरों पर तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित अभियंताओं को तटबंधों का नियमित रूप से निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से तटबंधों पर रैन कट, चूहा बिल एवं अन्य स्थलों की जांच कर आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराने को कहा।
उन्होंने तटबंधों की निगरानी के लिए आवश्यकतानुसार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की क्षति या असामान्य स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आयुक्त ने बाढ़ की स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा, पशुओं की सुरक्षा तथा नावों की उपलब्धता के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली।
तटबंधों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सैंड बैग की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आयुक्त महोदय ने कहा कि बाढ़ के कारण यदि किसी क्षेत्र का संपर्क पथ टूटता है तो आम लोगों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल वैकल्पिक पहुंच पथ की व्यवस्था की जाए। इसके लिए पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं आवश्यक सेवाओं की पहुंच बाधित न हो, इसके लिए पूर्व से ही संभावित संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक तैयारी रखी जाए।

बैठक के दौरान आयुक्त महोदय ने नहर प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे पानी की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को किसानों की आवश्यकता के अनुरूप नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि धान की फसल के लिए किसानों को समय पर सिंचाई की सुविधा मिलना आवश्यक है। इसलिए नहरों में पानी की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य, सहायक निदेशक (योजना) सुश्री प्रीति कुमारी सहित दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित थे।
