Friday, July 24, 2026
Latest:
Featured

दरभंगा में गन्ना क्षेत्र विस्तार के लिए विशेष अभियान शुरू

24 से 26 जुलाई तक केवटी, मनीगाछी एवं सिंहवाड़ा की सभी पंचायतों में लगेंगे विशेष शिविर

नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना को गति देने के लिए गन्ना किसान पंजीकरण एवं सहकारी सदस्यता को लेकर अभियान

सचिव, गन्ना उद्योग विभाग, बिहार की अधिसूचना तथा मुख्य सचिव, बिहार सरकार के निर्देशों के आलोक में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जिले में नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के लिए प्रत्येक चीनी मिल हेतु लगभग 30,000 एकड़ क्षेत्र में गन्ना की खेती आवश्यक होगी। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में गन्ना क्षेत्र विस्तार एवं किसानों को गन्ना उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा।जिलाधिकारी ने बताया कि नई चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ना क्षेत्र विस्तार के लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विशेष बैठकें एवं जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में सहकारिता, कृषि, गन्ना उद्योग एवं पंचायती राज विभाग के प्रखंड एवं पंचायत स्तर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए किसानों के साथ बैठक करेंगे तथा गन्ना की खेती बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान गन्ना किसान पंजीकरण एवं चीनी मिल सहकारी समिति की सदस्यता से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के उद्देश्य से विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में किसानों का पंजीकरण, सहकारी सदस्यता, गन्ना खेती से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 24 जुलाई 2026 से 26 जुलाई 2026 तक प्रखंड केवटी, मनीगाछी एवं सिंहवाड़ा की सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के सफल संचालन हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उन्होंने संबंधित पंचायतों के मुखिया एवं पैक्स अध्यक्षों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों के अधिकाधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक किसान गन्ना खेती एवं सहकारी व्यवस्था से जुड़कर इसका लाभ उठा सकें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अभियान के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी अपने स्तर से समुचित निगरानी, अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी पंचायतों में आयोजित बैठकों एवं शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए अभियान को सफल बनाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल गन्ना क्षेत्र विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, सहकारी व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा जिले में प्रस्तावित नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए आवश्यक आधार तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं अधिकाधिक संख्या में शिविरों में उपस्थित होकर गन्ना किसान पंजीकरण एवं सहकारी सदस्यता ग्रहण करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *