Featured

राशन कार्ड निर्गत को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

अगले सोमवार तक 4,000 नए राशन कार्ड निर्गत करने का लक्ष्य,प्रतिदिन 509 राशन कार्ड बनाने के दिए निर्देश

 

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में जिले में राशन कार्ड निर्गत करने की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत,जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्गत करते हुए अधिक से अधिक पात्र एवं वंचित परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, विकास मित्रों, जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों से राशन कार्ड के आवेदन प्राप्त किए जाएं,ताकि कोई भी योग्य परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।

 

बैठक में बताया गया कि दरभंगा जिले को कुल 15,268 नए राशन कार्ड निर्गत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को प्रतिदिन 509 राशन कार्ड तैयार कराने एवं आवेदन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने आगामी सोमवार तक 4,000 राशन कार्ड निर्गत करने का विशेष लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी पात्र लाभार्थी का नाम किसी कारणवश राशन कार्ड से हट गया है, तो ऐसे लाभार्थियों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनका पुनः राशन कार्ड बनाया जाए।

उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को पात्र आवेदकों का सर्वेक्षण कर उन्हें शीघ्र आवेदन कराने तथा समय पर राशन कार्ड निर्गत करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *