वर्चुअल रियलिटी के माध्यम से दिया जा रहा है भूकंप से बचाव हेतु प्रशिक्षण
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वाधान में दरभंगा जिले में 15 से 28 जनवरी 2026 तक भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
ज्ञातव्य हो कि वर्ष 1934 में दिनांक 15 जनवरी को ही भीषण भूकंप आया था,जिसमें इस क्षेत्र के बहुत सारे इलाके और आबादी प्रभावित हुई थी।
इस वर्ष दरभंगा जिले में भूकंप सुरक्षा हेतु कुल 180 स्थलों पर फ्लेक्स लगाए गए है तथा आम जनमानस के बीच पेम्प्लेट्स का वितरण किया जा रहा है।
साथ ही इसके अलावा जिले के सभी प्रखंडों के चिन्हित विद्यालयों में जिले में स्थाई रूप से प्रतिनियुक्त एसडीआरएफ टीम तथा विभाग के सहयोगी गैर सरकारी संगठनों द्वारा मॉक ड्रिल/ कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है।
जिले के सिंहवाड़ा एवं हनुमाननगर प्रखंड में प्राधिकरण द्वारा प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों के बीच टूल किट का वितरण किया गया है।
जिले के पॉलिटेक्निक कॉलेज में अवस्थित भूकम्प रोधी मकान के मॉडलों का भी भ्रमण कराया गया है।
जिले के सभी अंचलों के प्रमुख स्थलों पर एलईडी स्क्रीन युक्त जागरूकता रथ का परिचालन किया जा रहा है,भूकंप सुरक्षा से संबंधित वीडियो का प्रसारण किया जा रहा है।
उक्त कार्यक्रमों की श्रृंखला का मुख्य आकर्षण वर्चुअल रियलिटी सेट के माध्यम से लोगों को भूकंप आपदा की वास्तविक अनुभूति तथा उससे बचाव हेतु प्रशिक्षण है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी प्रणव राज आदि उपस्थित थे।
