Featured

तेजस्वी यादव- बिहार में अपराधी और भ्रष्टाचार चरम पर है:दरभंगा में बोले- आप हमें वोट दीजिए, रैयाम चीनी मिल को 20 महीने में चालू कर दिखाएंगे।

दरभंगा के केवटी में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। रैयाम चीनी मिल परिसर में आयोजित जनसभा में आम जनता से महागठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में रोजगार नहीं है। पढ़ाई, दवाई, सिंचाई और कार्रवाई वाली सरकार देंगे। बिहार में 20 साल और 11 साल से केंद्र में एनडीए की सरकार है। लोग बेहाल हैं, पलायन नहीं रुक रहा है।

तेजस्वी यादव ने मंच से जनता से अपील करते हुए कहा कि लालू यादव और राहुल गांधी पर भरोसा रखिए। गांव-गांव, टोला-टोला जाकर गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगिए। ताकि बिहार में महागठबंधन की सरकार बन सके। एनडीए की सरकार ने 20 साल में बिहार के बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं किया। अगर राज्य में चीनी, पेपर मिलें और अन्य उद्योग लगाए जाते तो आज युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ता।

महागठबंधन की सरकार बनी तो टोला सेवक,आशा, चौकीदार, रसोइया, सेविका समेत सभी कर्मियों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। संविदा कर्मचारी को परमानेंट किया जाएगा। जो लोग हिंदू-मुस्लिम का नारा देकर जनता को बांटते हैं, उन्हें हटाइए। हमें मौका दीजिए, अगर हम वादा पूरा नहीं करें तो हटा दीजिएगा। रैयाम चीनी मिल को हम 20 महीने में चालू कर दिखाएंगे, और अगर नहीं किया तो जो सजा देंगे, हम स्वीकार करेंगे।

मंच पर महागठबंधन प्रत्याशी

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि 20 नवंबर के बाद नया कानून बनेगा, जिसके तहत हर घर में सरकारी नौकरी सुनिश्चित की जाएगी। नीतीश कुमार ने 10,000 रुपए हर महिला को ‘घूस’ के रूप में देने की बात कही है, जिसे बाद में वापस ले लिया जाएगा।जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा। प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक के संविदा व बेल्ट्रॉन कर्मियों को भी स्थायी किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से केवटी विधानसभा के प्रत्याशी डॉ. फराज फातमी, मधुबनी से समीर महासेठ, बिस्फी से मोहम्मद आसिफ अहमद, बहादुरपुर से भोला यादव, दरभंगा ग्रामीण से ललित यादव, और राजनगर से विष्णुदेव राम, अली अशरफ फातमी सहित हजारों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *