Featured

बिहार में भीषण सड़क हादसा: पिकअप और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल।

पुलिस के अनुसार, पिकअप में सवार सात लोग भागलपुर जिले के बीरबना गांव के निवासी थे और सभी बनारस से बोरिंग का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शिवचंद्रपुर ढाला के पास उनकी पिकअप को एक ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मो. तनवीर, मो. कमाल और मो. नवाब के रूप में हुई है। पिकअप चालक की भी इस हादसे में मौत हो गई। वहीं, चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पिकअप में फंसे शवों को बाहर निकाला। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और परिजनों की सहायता से मृतकों की पहचान की गई।

थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों को हर संभव जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया था। पुलिस ने ट्रक के नंबर के आधार पर छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी चालक की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *