Featured

सहरसा में बाइक पार्टस दुकान में लगी आग:दो लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान, फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया काबू।

सहरसा शहर में सोमवार रात भीषण आग लगने से दो दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। यह घटना रमेश झा महिला महाविद्यालय के सामने रात करीब 8 बजे हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि फोटोस्टेट और स्टेशनरी की दुकान के साथ ही बगल में स्थित मोटरसाइकिल गैरेज और पार्ट्स की दुकान भी इसकी चपेट में आ गईं।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।आग लगने के समय दोनों दुकानें बंद थीं।

एक लाख से अधिक की संपत्ति राख

बाइक पार्ट्स के दुकानदार सनोज पासवान ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। उनकी दुकान में रखे करीब एक लाख रुपए से अधिक मूल्य के मोटर पार्ट्स और औजार जलकर नष्ट हो गए। बगल में स्थित फोटोस्टेट एवं स्टेशनरी दुकान के मालिक दिनेश कुमार ने भी अपनी दुकान में भारी नुकसान की जानकारी दी।

उनकी दुकान में कागजात, स्टेशनरी सामग्री, प्रिंटर और फोटोस्टेट मशीन सहित एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। उन्होंने बताया कि दुकान बंद होने के कारण आग लगने का स्पष्ट कारण अभी ज्ञात नहीं है। आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मुआवजे की मांग की

फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभावित व्यापारियों ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई के लिए उचित जांच और सहायता की मांग की है। इस घटना से इलाके के अन्य दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *