बाबा विश्वकर्मा की मूर्ति विसर्जन के समय तनाव:दरभंगा में रूट को लेकर बवाल, दूसरे पक्ष ने रोका रास्ता; जवानों ने गांव में फ्लैग मार्च किया।
दरभंगा में रूट को लेकर बवाल, दूसरे पक्ष ने रोका रास्ता; जवानों ने गांव में फ्लैग मार्च किया।
दरभंगा के सिंहवाड़ा प्रखंड के कटहलिया गांव में बाबा विश्वकर्मा की मूर्ति विसर्जन के दौरान गुरुवार को दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। रूट को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तुरंत पहल कर मामले को सुलझाया व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मूर्ति विसर्जन कराया।
काफी मशक्कत और चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि विसर्जन पहले निर्धारित और परंपरागत रूट से ही किया जाएगा। इसी निर्णय के आधार पर प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से मूर्ति का विसर्जन संपन्न कराया गया। 2012 में भी हुआ था विवाद स्थानीय लोगों ने बताया कि साल 2012 में भी इसी रूट को लेकर दोनों समुदायों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। उस समय प्रशासनिक बैठक कर यह लिखित समझौता हुआ था कि इस रास्ते से विसर्जन नहीं किया जाएगा।
तब से विसर्जन कभी गांव के पोखर में किया जाता रहा, तो कभी मूर्तियां मुजफ्फरपुर के धनवाड़ा होकर सिंहवाड़ा ले जाई गईं। जवान गांव में कैंप कर रहे हैं। –
जवान गांव में कैंप कर रहे हैं। इस साल पूजा कमेटी और ग्रामीणों की ओर से कटहलिया-कटासा रास्ता से सिंहवाड़ा जाने की तैयारी की जा रही थी। उनका कहना था कि गांव के पोखर में पानी नहीं होने के कारण सिंहवाड़ा में विसर्जन करने के लिए थाना को पहले ही लिखित आवेदन दिया गया था।
लेकिन दूसरे पक्ष ने इस पर आपत्ति जताई और रास्ते को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। तनाव की सूचना मिलते ही एसडीओ, बीडीओ अमरेन्द्र पंडित, एसडीपीओ एसके सुमन, सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिला स्तर से भी अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में मुखिया रमेश भगत, सरपंच अशोक सहनी, उपसरपंच राशिद मुस्ताक सहित कई पंचायत प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे।
दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। गांव में अब भी पुलिस कैंप जारी प्रशासन ने दोनों पक्षों को बैठाकर विवाद को तत्काल सुलझा लिया, फिर भी एहतियातन गांव में पुलिस कैम्प कर रही है। बीएमपी के जवानों ने गांव में फ्लैग मार्च किया और दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की। एसडीपीओ सदर टू एसके सुमन ने कहा कि “स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी जाएगी।”
