बाबा राज राजेश्वर परिसर में 1 सितंबर को श्रावणी महोत्सव, सौम्या मिश्रा प्रस्तुति देंगी।
बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग सहित जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 1 सितम्बर को नगर पंचायत नवहट्टा के बड़गांव पट्टी, शाहीडीह स्थित बाबा राज-राजेश्वर परिसर में भव्य श्रावणी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
बाबा राज-राजेश्वर परिसर में पहली बार आयोजित होने वाले श्रावणी महोत्सव की तैयारी को लेकर शनिवार को मंदिर प्रांगण में जिला प्रशासन एवं मंदिर समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में मंदिर समिति द्वारा महोत्सव के सफल एवं सुदृढ़ आयोजन हेतु विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए इंडियन आइडल प्रतिभागी सौम्या मिश्रा को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर जिला कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा कुमारी ने बताया कि सौम्या मिश्रा की प्रस्तुति के साथ-साथ अन्य स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगी। बैठक में अंचल अधिकारी नवहट्टा, थाना अध्यक्ष नवहट्टा सहित मंदिर प्रशासन के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
