Featured

मधुबनी में लघु सिंचाई विभाग की टीम ने किया स्थल निरीक्षण, किसानों को फायदा होगा।

लघु सिंचाई विभाग की टीम निरीक्षण करने गई है।
मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड में बछराजा नदी पर फाटक निर्माण की मांग को लेकर प्रगति हुई है। लघु सिंचाई विभाग की इंजीनियरिंग टीम ने घोड़बंकी मुसहरी केसरी ईट उद्योग के पास मोटका घाट का निरीक्षण किया।

यह मामला मई 2025 का है, जब विश्व गुरु भारत सेवा संस्थान ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद जल संसाधन विभाग के दरभंगा स्थित चीफ इंजीनियर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जल संसाधन विभाग ने कमला नाहर प्रमंडल, जयनगर के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजा। इसके बाद कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, कार्यपालक अभियंता और अधीक्षण अभियंता ने स्थल का निरीक्षण किया। टेक्निकल कारणों से मामला लघु सिंचाई विभाग मधुबनी को भेज दिया गया।

स्थल निरीक्षण के दौरान पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सूर्य नारायण, विष्णु देव साह, सुनील साह, संतोष कुमार पासवान समेत कई ग्रामीण मौजूद थे। फाटक बनने से घोड़बंकी, वीरपुर, बासोपट्टी, हाथापुर परसा, मढ़ीया, फेट, पतौना, खिरहर, डामू, चानन, मनमोहन और चिलमिलिया गांव के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी।

राऊत ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण अब तक फाटक का निर्माण नहीं हो पाया था। अब लघु सिंचाई विभाग की टीम के निरीक्षण से फाटक निर्माण की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *