Featured

समस्तीपुर में सड़क हादसे में मजदूर की मौत:काम खत्म करके साइकिल से घर लौट रहे थे, स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर।

समस्तीपुर के विभूतिपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह मौत हो गई।

मृतक की पहचान दलसिंहसराय के भटगामा वार्ड-27 निवासी झपसी पासवान(55) के तौर पर हुई है। अनाज गोदाम में बोरा उठाने का काम करते थे। पत्नी सुशील देवी काफी समय से बीमार हैं। 7 बच्चे हैं, जिनमें से 2 बेटे बाहर मजदूरी करते हैं। घटना खैरवन गांव की है।

पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे परिजन।
घर की हालत काफी खराब है

छोटे बेटे संजीत पासवान ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। मजबूरी में पिताजी इस उम्र में भी काम करते थे। अंतिम संस्कार में बड़े भाई शामिल नहीं हो पाएंगे। वो काफी दूर रहते हैं।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं, दलसिंहसराय थाना प्रभारी मोहम्मद इरशाद आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छानबीन की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *