Featured

पहले अफेयर फिर शादी, अब बोली- पति संग रहना है।

बेगूसराय में रविवार की रात बदमाशों ने रेलवे के रिटायर्ड कर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के साहेबपुर कमाल गांव की है। घायल रिटायर्ड रेलवे कर्मी के बहू के भाई पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है। वारदात के बाद घायल बुजुर्ग के परिजन ने उन्हें तत्काल प्राइवेट अस्पताल में एडमिट कराया और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

मामला बुजुर्ग के बेटे और बहू के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल की पहचान 65 साल के कृष्णदेव साह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कृष्णदेव साह के बड़े बेटे चंदन और उसकी पत्नी खुशबू के बीच पिछले 5 सालों से विवाद चल रहा है।

अलग-अलग जिलों में कॉन्स्टेबल के पद पर हैं बेटा और बहू

चंदन और खुशबू दोनों अलग-अलग जिलों में बिहार पुलिस में कांस्टेबल पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि खुशबू का किसी से नाजायज रिश्ता था और उसने कुछ समय पहले अपने प्रेमी से शादी कर ली थी। उधर, पत्नी के प्रेमी से शादी के बाद चंदन ने भी दूसरी लड़की से शादी कर ली। लेकिन अब चंदन की पहली पत्नी खुशबू दोबारा चंदन के साथ रहना चाहती है, लेकिन चंदन और उसके परिजन उसे रखने को तैयार नहीं हैं। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है। इसके बाद खुशबू के भाई की ओर से चंदन और उसके परिवार को दो दिन पहले ही धमकी दी गई थी।

बताया जा रहा है कि कृष्णदेव साह अपने दो मंजिल वाले मकान के बरामदे पर सोए थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे आरोपी चारदीवारी कूदकर घर के अंदर आया और बरामदे पर सोए कृष्णदेव साह के पैर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घरवाले उठे और कृष्णदेव साह के पास पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। इसके बाद कृष्णदेव साह को सदर अस्पताल लाया गया। लेकिन कुछ देर बाद ही परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल चले गए।

6 साल पहले हुई थी चंदन की शादी

चंदन की शादी 6 साल पहले भागलपुर के रहने वाली खुशबू कुमारी के साथ हुई थी। दोनों अलग-अलग जिलों में नौकरी करते थे। शादी के 1 साल के बाद ही पति-पत्नी दोनों एक-दूसरे पर अवैध संबंध रखने का आरोप लगाने लगे। इसी बीच पहले खुशबू ने अपने प्रेमी से शादी की और फिर चंदन ने भी दूसरा ब्याह रचा लिया।

घटना संबंध में एसपी मनीष ने बताया कि रात में कृष्णदेव साह को गोली मार कर घायल करने की सूचना मिली थी। बाएं पैर के जांघ में गोली लगी हुई है। घायल का इलाज शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां स्थिति खतरा से बाहर है। बलिया डीएसपी नेहा कुमारी के नेतृत्व पुलिस टीम मामले की जांच और गोली मारने वाले की पहचान सहित अन्य कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *