Featured

बिहार से हरियाणा ले जाए जा रहे थे 3 नाबालिग:मुगलसराय में RPF ने तस्कर को पकड़ा।

डीडीयू नगर स्टेशन पर आरपीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। सोमवार देर रात सीमांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच से तीन नाबालिग बच्चों को बरामद किया गया।

आरपीएफ स्टेशन पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के अनुसार, एसआई सरिता गुर्जर, सीआईबी और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन की टीम प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर गश्त कर रही थी। टीम को सीमांचल एक्सप्रेस के सामान्य कोच में तीन डरे-सहमे नाबालिग दिखाई दिए।

पूछताछ में पता चला कि राहिल आलम नाम का व्यक्ति, जो बिहार के अररिया जिले के गदहाकाट का रहने वाला है, इन बच्चों को हरियाणा के महेंद्रगढ़ ले जा रहा था।

आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बच्चों के परिवार वालों को कुछ पैसे देकर उन्हें अपने साथ ले जाने की सहमति ली थी। उसकी योजना बच्चों से कम पैसों में रंगाई-पुताई का काम कराने की थी।

आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के हवाले कर दिया। बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी चाइल्ड लाइन को सौंपी गई है। मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *