Featured

मधुबनी  :  मधुबनी में अलग-अलग सड़क हादसे में दो की मौत:एक की हालत गंभीर; पहले को ट्रक ने तो दूसरे को ट्रैक्टर ने रौंदा

मधुबनी में दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पहली घटना तौरीयाही ईदगाह के पास की है जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को रौंद दिया , इस हादसे में बाइक पर सवार दो लोग जख्मी हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खुटौना सीएचसी लाया गया।

जहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान घोड़मोहना गांव निवासी मोहम्मद मुस्लिम के बेटे मोहम्मद इकराम के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान मोहम्मद फूलमोहम्मद के बेटे मोहम्मद सदरुल के रूप में हुई है। जिसकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। वहीं पुलिस चालक की तलाश में जुटी गई है।

घटना के बाद रोते बिलखते परिजन।
कोचिंग जा रहे मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला

दूसरी घटना जिले के बेनीपट्टी की है। जहां गुरुवार की देर शाम को सोहरौल गांव में शौचालय साफ करने वाली टैंक से लैस ट्रैक्टर ने 7 साल के बच्चे को कुचल दिया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान मोहम्मद नूर हसन राइन के बेटे मोहम्मद फरहान के रूप में हुई है।

बताया गया कि फरहान अपने घर से कोचिंग जाने के लिए निकला था। तभी गांव की पानी टंकी के पास से गुजरते समय सेप्टिक टैंक वाले ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बेनीपट्टी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को घेर लिया और चालक और खलासी को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थाने के एसआई कंदन बासकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। बताया गया कि मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता हैदराबाद में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *