Featured

समस्तीपुर  :  जमीन विवाद में मारा चाकू, बेटे की मौत, पिता गंभीर:मृतक की पत्नी के बयान पर 8 रिश्तेदारों के खिलाफ FIR, घायल का PMCH में इलाज जारी

जमीनी विवाद को लेकर मंगलवार रात को हुई घटना में बेटे की मौत हो गई, जबकि मृतक के पिता गंभीर रूप से घायल हैं। घायल को पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी बनाया गया है। घटना समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के धर्मपुर बांदे वार्ड 15 मोहल्ला की है।

मृतक की पहचान 30 साल के धर्मेंद्र कुमार सिंह, जबकि घायल की पहचान विशिष्ट सिंह के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित और आरोपी पक्ष पट्टीदार हैं। दोनों के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। घटना की सूचना पर नगर पुलिस ने शव को सदर अस्पताल से जब्त कर पोस्टमार्टम कराया है।

पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे परिजन।
मृतक की पत्नी के भाई ने दी घटना की पूरी जानकारी

घटना के संबंध में मृतक धर्मेंद्र की पत्नी के भाई पंकज कुमार ने बताया कि उनके बहनोई का अपने ही चाचा रामभरोस सिंह से जमीनी विवाद चल रहा था। विवाद को लेकर रामभरोस सिंह के बेटों ने पहले भी धमकी दी थी। मंगलवार रात उनके बहनोई बांदे पूर्वी गांव जा रहे थे। इसी दौरान रामभरोस सिंह ने अपने बेटे चंदन और अन्य के साथ मिलकर धर्मेंद्र को घेर लिया और लाठी-डंडों से पिटाई करने लगे।

मारपीट की जानकारी मिलते ही धर्मेंद्र के पिता विशिष्ट सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, तो आरोपियों ने विशिष्ट सिंह की भी पिटाई शुरू कर दी। आरोपी ने पिता-पुत्र को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद चाकू से कई बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मारपीट के दौरान शोर सुनकर जब गांव के लोग जुटे तो सभी घटनास्थल से फरार हो गए। गांव के लोगों के सहयोग से घायल पिता-पुत्र को पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से देर रात समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में धर्मेंद्र की मौत हो गई, जबकि उनके पिता की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने पीएमसीएच रेफर कर दिया।

मृतक के पत्नी के बयान पर आठ लोगों को बनाया आरोपी

मृतक धर्मेंद्र की पत्नी रूबी देवी के बयान पर पट्टीदार के आठ सदस्यों को आरोपी बनाया गया है। आरोपी बनाए गए लोगों में रामभरोस सिंह के अलावा उसके बेटे चंदन कुमार, शिव कुमार, अरुण कुमार के अलावा अरविंद कुमार, प्रदीप सिंह, सुधीर सिंह, एवं नरेश सिंह शामिल है। इन लोगों पर मारपीट करने और बाप बेटे को चाकू मार कर जख्मी कर देने का आरोप है।

 

सदर अस्पताल में जुटे लोग
पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा?

पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी। चाकूबाजी की भी बात बताई गई है, जिसमें धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई है, जबकि उनके पिता का अभी उपचार चल रहा है। परिवार के लोगों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिक की दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *