Featured

समस्तीपुर : पूजा कर घर लौट रही नाबालिग के साथ दुष्कर्म, मनचलों ने खेत में ले जाकर दिया घटना को अंजाम 

समस्तीपुर जिले में पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. हर दिन किसी न किसी थाना क्षेत्र में लूट, हत्या, चोरी, छिनतई, दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं. ताजा मामला उजियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां सोमवार (7 अक्टूबर) की देर शाम कुछ बदमाशों ने एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पूजा करके अकेली घर लौट रही थी युवती

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की शाम करीब आठ बजे लड़की दुर्गा मंदिर से पूजा कर अकेली घर जा रही थी। इसी दौरान पांच से छह बदमाशों ने लड़की का मुंह बंद कर उसे पास के खेत में ले गए। जहां सभी ने उसका मुंह और हाथ बांध दिया और बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फरार हो गए।

काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई और वे उसकी तलाश करने लगे। काफी देर तक तलाश करने के बाद वह सुनसान जगह पर मिली। पूछताछ के दौरान उसने परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों से सूचना मिलने पर उजियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया है। पुलिस किशोरी को अपने साथ लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। किशोरी से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है।

इस संबंध में एसपी अशोक शर्मा ने बताया कि उजियारपुर में बीती रात नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *