Featured

बिहार : तिलक से पहले लापता हो गया JE, शादी के चार दिन पहले तटबंध पर क्या हुआ… 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं

गोपालगंज: जल संसाधन विभाग में तैनात जेई पवन कुमार बंसल का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग सका है। वे कल दोपहर 12 बजे के बाद से ही लापता हैं। फ्लड ड्यूटी में उन्हें आखिरी बार मांझागढ़ प्रखंड के गौसिया में सारण बांध पर बने स्लुइस गेट के पास बांध पर देखा गया था। लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया है। उसके बाद से जिले के अधिकारी और जेई के परिजन लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। मुंगेर के रहने वाले हैं जेई पवन कुमार बंसल
गोपालगंज जल संसाधन विभाग में जूनियर इंजीनियर पवन कुमार बंसल मुंगेर के रहने वाले हैं। उनके चाचा राजकिशोर मंडल उर्फ जय किशोर मंडल ने बताया कि उनकी 11 जुलाई को शादी है। 7 जुलाई को उनका तिलक समारोह था। लेकिन तिलक से महज कुछ घंटे पहले ही उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से डरे सहमे हैं।

जेई के लापता होने की सूचना रविवार को ही उनके परिजनों को दे दी गई थी। उनके परिजन मुंगेर से गोपालगंज के लिए निकल गए हैं। उम्मीद है कि कुछ घंटे में वे गोपालगंज पहुंच जाएंगे। लापता जेई के चाचा राजकिशोर मंडल ने एनबीटी डॉट कॉम को फोन पर बताया कि वे गोपालगंज के सदर एसडीपीओ प्रांजल से मुलाकात करेंगे। नगर थाना में उनकी गुमशुदगी को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

स्लुइस गेट पर आखिरी बार देखा गया

लापता जेई की सुराग में एनबीटी की टीम जब ग्राउंड रिपोर्ट करने के लिए गौसिया के सारण बांध स्थित स्लुइस गेट पर पहुंची। जहां से उन्हें आखरी बार ड्यूटी करते देखा गया था। उस तदबंध के दोनों तरफ सूखे जैसे हालात हैं। वहां पर बाढ़ जैसे कोई हालात नहीं है। इसका मतलब कि वहां पर पानी में डूबने या बहने की कोई संभावना नहीं है। रविवार को गौसिया गांव के कुछ स्थानीय लोगों ने सुबह में देखा था। वे भी जेई के साथ किसी अनहोनी की आशंका से इनकार कर रहे हैं।

शादी नहीं करना चाहते थे जेई?

गौसिया पंचायत के पूर्व मुखिया और वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि राधा रमण मिश्रा ने बताया की सदर एसडीएम से लेकर मांझागढ़ पुलिस जेई की गुमशुदगी को लेकर जांच कर रहे हैं। परिजन भी लगातार पूर्व मुखिया के संपर्क में हैं। कुछ लोग इस बात को भी संभावना जता रहे है कि शायद जेई पवन कुमार बंसल अपनी होने वाले शादी समारोह में शामिल नहीं होना चाह रहे थे। वे शादी नहीं करना चाह रहे होंगे। इसकी वजह से वे शायद शादी की डर से ड्यूटी से मोबाइल ऑफ कर लापता हो गए। बहरहाल अब तो यह पुलिस जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि लापता होने की असली वजह क्या है। कहीं कोई दुर्घटना हुई है या वे मोबाइल ऑफ कर लापता हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *