बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतगणना को लेकर मतगणना पर्यवेक्षक एवं सहायकों को दिया गया प्रशिक्षण

निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
27 अक्टूबर 2026 को होगी मतगणना
दरभंगा, 25 अक्टूबर 2026:-
बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की मतगणना आगामी 27 अक्टूबर 2026 को की जाएगी।

मतगणना कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज प्रेक्षागृह, दरभंगा में मतगणना पर्यवेक्षकों एवं मतगणना सहायकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री हिमांशु कुमार राय ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मतगणना प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं, मतपेटिकाओं से मतपत्र निकालने, मतपत्रों की व्यवस्थित गणना करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतगणना कार्य संपन्न कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने कहा कि मतगणना के दौरान सभी मतपेटिकाओं से मतपत्र निकालकर उनकी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गिनती की जानी है।
उन्होंने मतगणना पर्यवेक्षकों एवं सहायकों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी को गंभीरता से समझें और मतगणना के दिन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने मतगणना कार्य में निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक चरण में सावधानी बरतने पर बल दिया, ताकि मतगणना का कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा मतगणना पर्यवेक्षकों एवं मतगणना सहायकों को मतगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस दौरान मतपेटिकाओं से मतपत्र निकालने, मतपत्रों की गणना करने तथा मतगणना के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य मतगणना में प्रतिनियुक्त कर्मियों को उनके दायित्वों एवं कार्यप्रणाली से भली-भांति अवगत कराना तथा मतगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, श्री मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जल रड्डी, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अविनाश चंद्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
