जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का किया शुभारंभ

पोषण केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं,बल्कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है-डीएम
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में दीप प्रज्वलित कर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS श्रीमती चांदनी सिंह, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित ICDS, स्वास्थ्य, शिक्षा, जीविका, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि पोषण केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है।
बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म से पूर्व गर्भावस्था के दौरान तथा जन्म के बाद शुरुआती वर्षों में उचित पोषण एवं देखभाल का विशेष महत्व है।
जीवन के प्रारंभिक वर्षों में मिलने वाला संतुलित आहार, पर्याप्त पोषण एवं समुचित देखभाल बच्चे के शारीरिक एवं मानसिक विकास की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि पोषण की कमी का प्रतिकूल प्रभाव बच्चों के समुचित विकास पर पड़ सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों की भूमिका पोषण अभियान को सफल बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्र में कुपोषण की पहचान, पोषण संबंधी परामर्श तथा लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों को प्रभावी, परिणामोन्मुखी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पोषण से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम, पोषण संबंधी गतिविधियां, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता, पोषण परामर्श तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पोषण से जुड़े संदेशों एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि प्रत्येक परिवार तक सही पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान पोषण ट्रैकर के माध्यम से लाभार्थियों की निगरानी, आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन, बच्चों के वृद्धि अनुश्रवण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा किशोरियों में पोषण जागरूकता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों से संबंधित आंकड़ों एवं गतिविधियों की नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बच्चों के वजन,ऊंचाई एवं वृद्धि की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुरूप पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर ICDS, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, जीविका, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों द्वारा पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं कुपोषण उन्मूलन के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पोषण माह के दौरान संचालित प्रत्येक गतिविधि को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए तथा उसकी प्रविष्टि पोषण जन आंदोलन डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को गतिविधियों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए गए। उन्होंने क्षेत्र में लाभार्थियों के साथ किए जा रहे कार्यों, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा पोषण सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के अपने अनुभवों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्मानित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने “कुपोषण मुक्त दरभंगा” के निर्माण तथा जिले के प्रत्येक परिवार तक पोषण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण माह केवल एक माह तक सीमित अभियान न होकर निरंतर जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता का माध्यम बने। उन्होंने सभी विभागों एवं आमजनों से मिलकर स्वस्थ, सुपोषित एवं सशक्त दरभंगा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
