डीएम ने दिव्यांगजनों को प्रदान की बैटरी चालित ट्राई साइकिल

दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज बहादुरपुर प्रखंड के श्रवण कुमार राम एवं दरभंगा सदर प्रखंड की सीता कुमारी को बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्रदान की गई।

बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्राप्त होने से दोनों लाभार्थियों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ उनके आत्मनिर्भर जीवन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का संचालन किया जा रहा है।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि पात्र दिव्यांगजनों तक इन योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि बैटरी चालित ट्राई साइकिल दिव्यांगजनों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण साधन है। इससे उन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में सहायता मिलेगी तथा वे शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थी समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से उनके आवागमन में काफी सहूलियत होगी और वे अपने दैनिक कार्य अधिक आसानी से कर सकेंगे।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, सहायक निदेशक, दिव्यांगजन कोषांग श्री आशीष अमन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे l
