Friday, August 21, 2026
Latest:
Featured

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल एवं संत रविदास समरसता संकल्प अभियान को लेकर डीएम की अध्यक्षता में हुई प्रेस कांफ्रेंस


विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू हुआ ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’
संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर अनुसूचित जाति बहुल टोलों में प्रत्येक गुरुवार आयोजित होगा ‘संत रविदास विकास शिविर
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ एवं ‘श्री गुरु संत रविदास जी समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संवाददाता को दोनों महत्वपूर्ण पहलों के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं आमजन को मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि राज्य के मेहनती एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं सुझावों को सीधे ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए एक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराया गया है।

पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने, उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने तथा शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए विद्यार्थियों से सुझाव प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ पर संबंधित संस्थानों एवं छात्रावासों के वास्तविक छात्र-छात्राएं ही निबंधन कर सकेंगे। विद्यार्थी अपने संस्थान से संबंधित शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित अपने सुझाव भी दे सकेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि पोर्टल के दायरे में विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों को शामिल किया गया है। इनमें विश्वविद्यालय, अंगीभूत महाविद्यालय, अभियंत्रण महाविद्यालय, चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पैरा मेडिकल महाविद्यालय, नर्सिंग स्कूल, सिमुलतला आवासीय विद्यालय, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के छात्रावास, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के छात्रावास, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के छात्रावास, कस्तूरबा गांधी छात्रावास तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नेत्रहीन/मूकबधिर विद्यालय शामिल है l
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थी पोर्टल के माध्यम से कक्षाओं का समय पर संचालन नहीं होने, शिक्षकों/प्राध्यापकों के समय पर कक्षा में नहीं पहुंचने अथवा अनुपस्थित रहने, परीक्षा का समय पर संचालन नहीं होने, परीक्षा परिणाम समय पर प्रकाशित नहीं होने, अनधिकृत शुल्क/फीस की वसूली जैसी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
इसके अतिरिक्त कक्षाओं में बिजली एवं बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशालाओं की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग व्यवस्था सहित अन्य शैक्षणिक एवं संस्थागत व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याओं को भी पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराया जा सकेगा।
विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के संबंध में अपने सुझाव भी पोर्टल पर दे सकेंगे।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं सुझावों को पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर इस पहल को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
पोर्टल पर शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने के लिए विद्यार्थी:sahyog.bihar.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।

साथ ही जिलाधिकारी ने श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारा एवं जनकल्याण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का प्रमुख उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल टोलों में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम एवं शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार ‘संत रविदास विकास शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिविरों के प्रभावी आयोजन एवं प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। अनुसूचित जाति बहुल टोलों में विशेष अभियान चलाकर पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि संत रविदास विकास शिविर में राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, विद्यालयों में नामांकन, आंगनबाड़ी, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड निर्माण, कुशल युवा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पास भूमि, सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत पेंशन एवं बुनियाद केंद्र से संबंधित योजनाओं के मामलों का समाधान किया जाएगा।
इसके अलावा हर घर नल का जल योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की गली-नाली योजना, जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, बिजली कनेक्शन, जीविका समूह सहित आदि योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण कार्य विभाग अंतर्गत अनुसूचित जाति बहुल टोलों में मुख्यमंत्री ग्रामीण टोला संपर्क योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शौचालय से संबंधित मामलों को भी शिविर में शामिल किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी श्री संजय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशिष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *