प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 का द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत शनिवार 9 मई को आयोजित होने जा रहा है। दरभंगा वासियों से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में अपनी उपस्थिति लोक अदालत में दर्ज कराकर सहमति के आधार पर सुलहनीय वादों का निष्पादन करायें और लोक अदालत को सफल बनायें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि हमें बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि माननीय मुख्य न्यायाधीश,उच्च न्यायालय पटना के सफल प्रयासों से इस बार लोक अदालत में ट्रैफिक चालान के मामलों का निष्पादन भी छूट के साथ किया जाएगा।
90 दिनों से अधिक अवधि से लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जाएगा। यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े लंबित इ-चालानों के लिए केवल आधी राशि जमा करना होगा। इसका सीधा आर्थिक लाभ जिले के हजारों वाहन मालिको को होगा। इसके अलावा बिजली, पानी, पारिवारिक विवाद, शमनीय मुकदमों आदि का भी निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इस बार भी राष्ट्रीय लोक अदालत को पहले से बेहतर सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर सीजेएम श्री जुनैद आलम सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता संघ के सचिव, अधिवक्तागण आदि मौजूद थे।
